फैक्ट चेक: भारत की महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया से नहीं जीता विश्वकप फाइनल का मुकाबला, गलत दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो

भारत की महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया से नहीं जीता विश्वकप फाइनल का मुकाबला, गलत दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो
  • महिला हॉकी टीम नहीं जीता विश्वकप फाइनल
  • गलत दावे के साथ वीडियो वायरल
  • महिला एशियाई चैम्पियनशिप ट्रॉफी के फाइनल का है वीडियो

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हाल ही में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे क्रिकेट विश्वकप का फाइनल मैच खेला गया था। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हरा दिया था। जिसके चलते भारत को विश्वकप की ट्रॉफी से हाथ धोना पड़ा था। इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने आस्ट्रेलिया को विश्वकप में हराकर खिताब अपने नाम किया है।

फेसबुक यूजर मुनीष पूजा चोपड़ा ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- “भारतीय महिला हॉकी टीम को वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हरा के विश्वकप जीतने की हार्दिक शुभकामनाएं। सभी देशवासियों को बधाई”। ऐसी ही पोस्ट अन्य यूजर्स द्वारा अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शेयर की गई। वायरल वीडियो में नीली जर्सी पहने महिला खिलाड़ियों की एक टीम को ट्राफी के साथ जश्न मानते हुए देखा जा सकता है।

पड़ताल

हमने वायरल हो रहे इस वीडियो की सच्चाई जानने के लिए इसके बारे में जानकारी एकत्रित की। जिसके लिए सबसे पहले हमने कीवर्ड की मदद से रिवर्स सर्च किया। जिसमें हमें एएनआई के एक्स हैंडल पर पोस्ट किया हुआ वीडियो मिला। इसके अलावा दूरदर्शन स्पोर्ट्स पर 6 नवबंर का एक ट्वीट मिला। इस ट्वीट को विडियो के साथ शेयर किया गया था।

इसके अलावा आगे सर्च करने पर हमें हॉकी इंडिया के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर वीडियो से मिलती जुलती एक फोटो मिली। इस फोटो के साथ हॉकी इंडिया ने कैप्शन में लिखा-“टूर्नामेंट में अजेय रहने के बाद भारत ने झारखंड महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 में स्वर्ण पदक पर अपना अधिकार जमा लिया”। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि ये वायरल वीडियो हाल ही में हुई महिला एशियाई चैपियंस ट्राफी का है। इसे गलत दावे के साथ विश्वकप का फाइनल बताकर शेयर किया जा रहा है।

बता दें कि हॉकी टूर्नामेंट का फाइनल मैच 5 नवबंर को झारखंड की राजधानी रांची के मारंग गोमके जायपाल स्टेडियम में हुआ था। यह फाइनल मैच भारत और जापान के बीच खेला गया था। जिसमें भारत ने जापान को 4-0 से हराकर महिला एशियाई चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की है।

Created On :   30 Nov 2023 11:30 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story